तूफान से क्षेत्र में भारी नुकसान, आंगनबाड़ी भवन के कमरे की छत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त


 जिला सिरमौर में रविवार रात आए तेज तूफान से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। तूफान से ग्राम पंचायत देवना के रोड़ी की आंगनबाड़ी भवन के कमरे की छत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं रसोई की छत पर लगी चादरें भी हवा से उड़ गईं। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी पटवारी को दी। पटवारी ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। तेज हवाओं से आंगनबाड़ी का कुछ सामान भी नष्ट हो गया है।

बता दें कि विगत रविवार दिनभर तेज तूफान चलता रहा। वहीं रात को भी तेज हवाएं चलती रहीं। इससे बिजली भी कई घंटे अवरुद्ध रही। वहीं कई जगह पर तेज आंधी तूफान से लोगों के घरों को भी नुकसान का समाचार है। जबकि बागवानों के सेब के पौधों को भी भारी नुकसान हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आंधी तूफान के चलते आंगनबाड़ी की छत क्षतिग्रस्त हो गई है और उड़कर काफी नीचे खेतों में जा गिरी। आंगनबाड़ी के कमरे से चार चादरें, जबकि रसोई घर से सारी चादर क्षतिग्रस्त हुईं हैं।
उधर पटवार वृत्त देवामानल अनुराधा ने बताया कि सोमवार को मौके पर जाकर जायजा लिया है। रिपोर्ट तैयार कर जल्द उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी ताकि इन्हें मुआवजा मिल सके।


टिप्पणियाँ