संगड़ाह: बिजली गिरने से एक घर जलकर राख, एक गाय की मौके पर ही मौत


सिरमौर जिला के विकासखंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत शिवपुर के बड़यायाल्टा गांव में आसमानी बिजली गिरने से एक घर जलकर राख हो गया और घर के बाहर बंधी एक गाय की मौके पर ही मृत्यु हो गई।शुक्रवार दोपहर बाद लगभग 4:00 बजे के करीब जब मौसम खराब हुआ तो भारी ओलावृष्टि के बीच अचानक आसमानी बिजली गिरी और एक चोटी पर बने गणेसो देवी यह दो मंजिला मकान में आग लग गई।


मकान के नजदीक कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था

गनीमत यह रही कि जिस समय आसमानी बिजली गिरी उस समय मकान के नजदीक कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। मकान में आग लगने के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया परंतु आसमानी बिजली गिरने से लगी इस आग के कारण गणेसो देवी का सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया और घर के भीतर रखें सभी घरेलू कपड़े भी जलकर राख हो गए। गणेसो देवी के पास मात्र वही कपड़े बचे हैं जो उसने तन पर पहने थे। ग्रामीणों ने बताया कि इस आगजनी से गणेसो देवी की एक जरसी गाय मर गई है और घर का सामान सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गणेसो देवी का लगभग पांच लाख रुपए का नुक़सान हुआ है।


उसी गांव के निवासी पंचायत समिति के अध्यक्ष मेला राम शर्मा ने प्रशासन से आग्रह किया कि श्रीमती गणेसो देवी को इस प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन की और से उचित मुआवजा दिलाया जाए और तुरंत राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। फ़िलहाल ग्रामीणों ने गणेसो देवी को अपने घरों से कपड़े और अन्य सामान मुहैया करवाया है।

टिप्पणियाँ