बाथू की लड़ी में डूबने से दो युवकों की मौत, एक लोक निर्माण विभाग में तो दूसरा सेना में था कार्यरत

 पुलिस थाना ज्वाली के अधीन पौंग झील के बीच स्थित बाथू दी लड़ी में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई है । मृतकों की पहचान रजत (23) पुत्र अशोक कुमार व सुमित कुमार (26) पुत्र जुगल किशोर निवासी दौलतपुर के रूप में हुई है । रजत लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था तथा अमित कुमार सेना में कार्यरत था ।

 

दोनों ही युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ पांडवों द्वारा निर्मित बाथू दी लड़ी को देखने के लिए मोटरसाइकिलों के द्वारा आए थे कि बाद दोपहर रजत व अमित कुमार पौंग झील में नहाने के लिए चले गए । पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण गहरे पानी में जाने से डूब गए । पास खड़े अन्य दोस्तों ने उनको डूबते देखा तथा सहायता के लिए शोर मचाया । स्थानीय लोगों ने मौका पर पहुंचकर डुबकियां लगाकर युवकों को तलाश करने की काफी कोशिश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला । सूचना मिलते ही एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह व डीएसपी मनोज कुमार पुलिस टीम सहित मौका पर पहुंचे तथा झील में डूबे दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है ।

एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन व पुलिस मौका पर पहुंच चुके हैं तथा डूबे युवकों की तलाश शुरू कर दी है । उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की भी सहायता ली जाएगी ।

टिप्पणियाँ