ब्यास किनारे फेंका सरकारी सीमेंट; नादौन में अंधेरे में 25 बोरियों को ठिकाने लगा गए शातिर, कार्रवाई मांगी
रात के अंधेरे का फायदा उठाकर किसी ने वाहन के माध्यम से सरकारी सीमेंट को ब्यास नदी किनारे पानी में फेंक दिया है। सरकारी सीमेंट को कहां से लाया गया तथा यहां क्यों फेंका गया इसकी जांच शुरू हो गई है। सरकारी सीमेंट की इस तरह बर्बादी सभी को अखर रही है। क्षेत्र के लोगों मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह पहला मामला नहीं है, जब सरकारी सीमेंट पड़ा हुआ मिला है। इससे पहले भी हमीरपुर जिला में कई जगहों पर सरकारी सीमेंट पड़ा मिला था। ऐसा ही वाकया डिडवीं टिक्कर तथा गलोड़ में भी सामने आया था जब सरकारी सीमेंट के बैग नाले तथा पहाड़ी पर फेंके हुए मिले थे। अब सरकारी सीमेंट ब्यास नदी किनारे पानी में पड़ा मिला है। करीब 25 सीमेंट के बैग पानी में फेंके गए है। जानकारी के मुताबिक नादौन के औद्योगिक क्षेत्र के निकट कोहला गांव में स्थित जल शक्ति विभाग के स्टोर के पास ब्यास नदी किनारे सरकारी सीमेंट की बोरियां मिलने से हडक़ंप मच गया है।
शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने ब्यास नदी किनारे पानी में फेंकी गई करीब 25 बोरियां सीमेंट की देखी तो उन्होंने इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि रात के अंधेरे में कोई वाहन द्वारा इन्हें यहां फेंक गया है। इस संबंध में पंचायत प्रधान कोहला निशा कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने मौका देखकर इस बारे उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है। बीडीओ नादौन निशांत शर्मा ने बताया कि मामले की पूर्ण छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें