हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे का समाचार मिला है। हादसा, शाम 6 से साढ़े 6 बजे के बीच का बताया जा रहा है। संगड़ाह से श्री रेणुका जी मार्ग पर करीब 8 किलोमीटर दूर कालथ के नजदीक एक टिप्पर करीब 200 मीटर गहरी खाई में लु़ढ़क गया। हादसे के वक्त टिप्पर में चालक समेत चार व्यक्ति सफर कर रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चार में से दो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान कुलदीप (32) पुत्र चंदन गांव गनोग व जगदीश (45) पुत्र जालम सिंह ग्राम घाटों के रूप में हुई है। वहीं, रविंद्र (32) पुत्र नेतर सिंह ग्राम भूतमडी व राजेंद्र (46)पुत्र सही राम गांव रजाना गंभीर रूप से घायल हुए है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक टिप्पर का चालक ढांक से खुद ही सड़क तक पहुंच गया था, जबकि एक घायल को तुरंत ही निजी वाहन में अस्पताल भेज दिया गया। हालांकि, पुख्ता तौर पर जानकारी नहीं मिली है, लेकिन बताया जा रहा है कि एक कार को साइड देने के दौरान हादसा पेश आया।
स्थानीय स्तर पर ही ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टिप्पर में सवार तमाम लोग छिटककर बाहर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टिप्पर तो ढांक में दूर-दूर तक भी नजर नहीं आया।
एसडीएम संगडाह सुनील काथल और तहसीलदार संगडाह प्रोमिला धीमान मौके पर पहुंच मृतक के परिवार वालो को 25000 और घायलों को 10000 फौरी राहत प्रदान की।
मार्ग पर क्रैश बैरियर नहीं होने से हो रहे हादसे
हैरान कर देने वाली बात ये है कि यहां के विधायक विनय कुमार पांच साल तक लोक निर्माण विभाग के मुख्य संसदीय सचिव रहे, लेकिन श्री रेणुका जी-हरिपुरधार मार्ग पर क्रैश बैरियर नहीं लगवा पाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें