संगडाह (सिरमौर )
सिरमौर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो दिन से आसमान में घने बादल छाए हैं। कभी सूरज का निकलना कभी न निकलने और तेज हवाएं चलने से क्षेत्र में भीषण ठंड पड़ रही है। जिले के संगडाह, नौहराधार, हरिपुरधार और साथ लगते क्षेत्रों में सोमवार को अधिकतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकोर्ड किया गया।
हालांकि, क्षेत्र में अभी बारिश नहीं हुई है। शुष्क ठंड से
बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। बाजार में दुकानदारों ने अलाव और
हीटरों का सहारा ले रखा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली विद्यार्थियों को हो रही है।
सोमवार से प्राथमिक कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं भी
शुरू हुई। इस कारण ठंड में पेपर देने में भी उनको कठिनाई का सामना करना पड़ा। सूखी
ठंड पड़ने के कारण कई लोग सर्दी खांसी जुकाम-बुखार की चपेट में हैं। ऐसे में आने
वाले दिनों में दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
रात को पाला जमना शुरू
रात के समय पाला
जमने से सुबह और शाम के समय ठिठुरन बरकरार है। जिले में दूसरे दिन भी खेतों में
भूसा, घास
और फसलों के पत्तों पर पाला जमा हुआ दिखाई दिया। इस कारण अब किसानों की चिंता पहले
से काफी अधिक बढ़ गई है। पाला जमने से अब फसलों को काफी नुकसान होने की आशंका जताई
जा रही है। पाला जमने के कारण किसानों की चिंता पहले से बढ़ गई है। आलू, मटर, गोभी
सहित अन्य फसलों पर इसका काफी प्रभाव पड़ रहा है। पाले के कारण फसलों के पत्ते भी
अब गिरने शुरू होंगे। जिसका नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा। वहीं गेहूं, सरसों, चना
सहित अन्य फसलों को भी इस कारण नुकसान उठाना पड़ेगा। मौसम विशेषज्ञ अनुसार प्रदेश
के सभी क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ रहेगा। 12 और 13 दिसंबर
को कुछ जगह बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर
और लाहौल-स्पीति में मौसम बदलने की संभावना है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर
और कांगड़ा में धूप खिली रहेगी। 14 दिसंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का
पूर्वानुमान है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें