![]() |
| मां हडिंबा के मंदिर पर बिछी बर्फ की सफेद चादर |
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रदेश में बीती रात से ही बारिश बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाके जहां बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं तो वहीं मैदानी इलाकों में भी बारिश हुई है। प्रदेश में लंबे समय बाद बारिश बर्फबारी होने से किसानों बागबानों को भी राहत मिली है। बर्फबारी जहां सेब बागबानों के लिए राहत लेकर आई है तो वहीं, बारिश से गेहूं की फसल को संजीवनी मिली है। उधर मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश-बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित शिमला, मंडी, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार और वीरवार को बर्फबारी की बहुत अधिक संभावना है। अन्य क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। हालांकि 2 फरवरी को मौसम साफ रहने का आसार हैं। तीन और चार फरवरी को फिर से प्रदेश में बारिश बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है।
लाहुल में 12 घण्टों से बर्फबारी जारी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही बर्फबारी के दौर शुरू हो गया है। बृहद हिमालय के साथ पीर पंजाल की चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं। वहीं हिमाचल के जनजातीय क्षेत्र लाहुल और पांगी में पिछले 12 घण्टों से लगातार हिमपात हो रहा है। ताजा बर्फबारी के बाद अटल टनल होकर ट्रेफिक बंद हो गया है। लिहाजा मनाली केलांग के बीच फिलहाल सड़क संपर्क कट गया है। जानकारी के मुताबिक लाहुल के तिन्दी में करीब 1 फुट तक हिमपात हुआ है। जबकि उदयपुर में 9, जहालमा में 4 केलांग में 3 सिस्सू-कोकसर में 2 इंच तक हिमपात हुआ है। उधर, अटल टनल के साउथ पोर्टल में लगभग 7 इंच तक बर्फ गिरी है। लाहुल स्पीति प्रशासन ने हालात को देखते हुए लोगों से सफर न करने की अपील की है। वहीं बीती रात अटल टनल के साउथ पोर्टल में बर्फ में स्किड होने से दर्जनों पर्यटक वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
वहीं, सराज की ऊंची चोटियों में देर रात से हुई बर्फबारी से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। मंडी जिले के सराज घाटी में ऊंची पहाड़ियों माता शिकारी, शैटाधार, तुंगासीगढ, मगरू गला, खाटू खनेर, भुलाहढीम कटारू में बीती रात को हल्की हल्की बर्फबारी हुई वहीं आज सुबह से सराज घाटी ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी हो रही है। वहीं निचले इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चुडधार में सुबह से बर्फबारी हो रही है, वहीं निचले क्षेत्र नौहराधार आदि में बारिश का दौर जारी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें