एमआईएस के 100 करोड़ शीघ्र बागवानों को दे सरकार: मेलाराम शर्मा


संगडाह (सिरमौर )

सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर किसानो और बागवानों के साथ ठगी और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। यहां मीडिया से बात करते हुए जिला प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों का गोबर 2 रुपए प्रति किलो खरीदने और दूध 100 रुपए प्रति किलो खरीदने का वादा किया था परंतु 1 वर्ष से ऊपर का कार्यकाल होने के उपरांत अभी तक किसानों और बागवानों से फूटी कौड़ी का गोबर और दूध नहीं खरीदा।

मेलाराम शर्मा ने बताया कि प्रदेश के किसानों की लगभग 100 करोड़ से अधिक की मार्केटिंग इंटरवेंशन स्कीम की धनराशि 1 साल से सरकार के पास पड़ी है और अभी तक किसानों और बागवानों को यह पैसा जारी नहीं किया। सरकार आए दिन समाज के हर वर्ग को उनके अधिकारों से वंचित करने के लिए आर्थिक तंगी का रोना रो रही है।

 उन्होंने कहा कि बागवानों को सर्दियों के मौसम में नए पौधे रोपने,अपने पौधों पर दवाइयों के छिड़काव, पौधों की कटिंग और तौलियों इत्यादि कार्यों के लिए धन की आवश्यकता रहती है परंतु उनकी एम आई एस यानि बाजार हस्तक्षेप योजना के अंतर्गत उनकी गाढी कमाई की 100 करोड रुपए से अधिक की धनराशि सरकार के हिमफेड के पास पड़ी है।  उन्होंने बताया कि छोटे और मझोले किसानों और बागवानों को नए पौधों की खरीद, दवाइयां के छिड़काव और अपने अन्य कार्यों को निपटने के लिए बैंकों से भारी भरकम ब्याज पर ऋण लेने पड़ रहे हैं जबकि उनका एम आई एस स्कीम का पैसा सरकार ने दबा कर रखा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि किसानों और बागवानों की एम आई एस की धनराशि शीघ्र जारी की जाए ताकि आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान और बागवान कर्जों से निजात पा सके।


टिप्पणियाँ