राजकीय महाविद्यालय सराहां से मतदान पार्टियां चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए हुईं रवाना

 राजकीय महाविद्यालय सराहां से मतदान पार्टियां चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए हुईं रवाना


पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में स्थापित हैं 124 मतदान केंद्र

सराहां 31 मई - सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम पच्छाद डॉ0 संजीव कुमार धीमान ने बताया कि एक जून को होने जा रहे आम लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत 55- पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के 67 मतदान दलों को आज शुक्रवार को चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। इसी के साथ पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए गए 124 मतदान केंद्रों में आज सभी पोलिंग पार्टियों पहुंच जाएंगीं। उन्होंने कहा कि सभी मतदान दलों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। सभी मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों को मतदान के लिए तैयार करेगें और कल एक जून को प्रातः सात बजे से सायं 6 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 124 मतदान केंद्र स्थापित किये गए हैं जिसके लिए कुल 556 मतदान कर्मियों को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त 20 मतदान दलों के 80 कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। 

एसडीएम ने बताया कि पच्छाद विधानसभा के क्षेत्र में तीन महिला मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन तीनों मतदान केंद्रों का संचालन केवल महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा एक युवा मतदान केंद्र बनाया गया है। इसका संचालन युवा कर्मियों द्वारा किया जाएगा। एक दिव्यांग मतदान केंद्र बनाया गया है जिसका संचालन दिव्यांग कर्मियों द्वारा किया जाएगा।

एसडीएम ने बताया कि पोलिंग स्टेशनों पर पहुंचने के बाद ऑनलाइन ऐप के माध्यम से इन पोलिंग पार्टियों द्वारा सुरक्षित पहुंचने की रिपोर्ट दी जाएगी। कल एक जून को होने वाले मतदान के लिए इन पोलिंग पार्टियों द्वारा मशीनों को स्थापित किया जाएगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से बढचढ़ कर मतदान करने की भी अपील की।


                   -0-

टिप्पणियाँ