नौहराधार बैंक में 4 करोड़ का घोटाला: ऑनलाइन गेमिंग में दुरुपयोग का शक, सहायक प्रबंधक निलंबित

संगड़ाह, 13 अगस्त
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (Himachal Pradesh State Cooperative Bank) की नौहराधार शाखा में 4 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले का खुलासा हुआ है, जिससे बैंक के ग्राहकों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक के जिला प्रबंधक (District Manager) ने शनिवार को पुलिस थाना संगड़ाह में एफआईआर दर्ज करवाई है जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
👇
शुरुआती जांच के अनुसार, बैंक के सहायक प्रबंधक ज्योति प्रकाश पर आरोप है कि उन्होंने ग्राहकों की एफडी की राशि का गबन किया है। बैंक प्रबंधन को इस अनियमितता की जानकारी 3 अगस्त को हुई, और 10 अगस्त को पुलिस को सूचित किया गया। मंगलवार को जब ग्राहकों को इस घटना की जानकारी मिली, तो बैंक में अफरा-तफरी मच गई। ग्राहकों ने शिकायत की कि उनकी एफडी (FD) तो उनके पास है, लेकिन बैलेंस शून्य दिखा रहा है। बता दे कि बैंक ने शुरुआती जांच में तस्दीक होने के बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी सहायक प्रबंधक ने कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग के लिए ग्राहकों के पैसे का दुरुपयोग किया है, हालांकि इस बात की अभी तक पुलिस और बैंक ने पुष्टि नहीं की है। डीएसपी संगड़ाह, मुकेश डडवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बैंक का पूरा रिकॉर्ड कब्जे में लेने के बाद ही इस 4 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की स्थिति स्पष्ट की जा सकेगी।

सहायक प्रबंधक ज्योति प्रकाश, जो उपमंडल राजगढ़ के गांव भुईरा के निवासी हैं, नौहराधार शाखा में कई सालों से कार्यरत थे, जिसके कारण उन पर स्थानीय लोगों और बड़े अधिकारियों का काफी भरोसा था। फिलहाल, मामले की जांच प्रारंभिक स्तर पर है और आगे की जांच के बाद ही घोटाले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

जिला प्रबंधक प्रियदर्शन पांडे ने बताया कि सहायक प्रबंधक ज्योति प्रकाश को निलंबित कर शिमला में तैनात कर दिया गया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस घोटाले से ग्राहकों को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान नहीं होगा और उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

टिप्पणियाँ