बबलू पंडित ने प्रदेश सरकार से आपदा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने का किया आग्रह

शिमला: हिमाचल प्रदेश इंटक प्रदेश अध्यक्ष मनोहर लाल  (बबलू पंडित) ने हिमाचल प्रदेश में बीती रात भारी बारिश से हुए हादसे पर दुःख जताते हुए लापता लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की। बारिश की वजह से जन-धन की हानि की सूचनाएं प्रदेश भर से मिल रही हैं। पचास से ज़्यादा लोगों के लापता होने की और बाढ़ की चपेट में आने से बहुत से घरों को नुक़सान पहुंचा है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की। 

उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में इंटक प्रभावित लोगों  के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री से बात कर हर सहयोग देने की बात कही है।  उन्होंने कहा कि सरकार ख़तरनाक जगहों को अतिशीघ्र चिन्हित करवाए और वहां रह रहे लोगों के लिए उचित प्रबंध करे।इंटक प्रदेश अध्यक्ष बबलू पंडित ने अपने संगठन के सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से राहत और बचाव कार्य में सरकार का पूर्ण पर सहयोग देने का आह्वान किया। बबलू पंडित ने इंटक से जुड़े लोगों से सभी प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आकर हर संभव मदद करने का निवेदन किया।

बबलू पंडित ने सभी प्रदेश वासियों और पर्यटकों से आपदा के दौरान एहतियात बरतने की सलाह दी है। उन्होंने सभी को अनावश्यक यात्राओं से बचने, बच्चों को इधर-उधर ना जाने देने की सलाह दी। नदी-नालों से दूर रहने, आपात स्थिति में एक दूसरे की मदद करने और ख़तरनाक घोषित किए गए स्थानों को छोड़ देने का भी आग्रह किया। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने, किसी संभावित ख़तरे के बारे में प्रशासन को अविलंब सूचित करने और प्रशासन के दिशा निर्देशों के पालन करने का भी निवेदन किया।उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार से आपदा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने का आग्रह किया।

टिप्पणियाँ