धर्मपुर, जिला सोलन - 27 अक्टूबर, 2024
भारतीय पूर्व सैनिक लीग (हिमाचल प्रदेश) की धर्मपुर उप-इकाई की बैठक सूबेदार मेजर सचिदानंद शर्मा (सेवानिवृत्त), उपाध्यक्ष भारतीय पूर्व सैनिक लीग (हिमाचल प्रदेश) दक्षिण एवं धर्मपुर लीग के अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें ईसीएचएस सोलन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
सभा में श्रीमती राजेश्वरी देवी जी ने शिकायत की कि ईसीएचएस सोलन के एक डॉक्टर ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि आँख के इंजेक्शन के लिए, जिसकी कमांड मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी थी, कई बार अनुरोध करने के बावजूद डॉक्टर ने न तो रेफरल जारी किया और न ही इलाज किया। डॉक्टर द्वारा यह असम्मानजनक शब्द कहे गए कि “आप लोगों को मुफ्त की दवा की आदत पड़ गई है,” जिससे उनका अपमान हुआ और उनकी तबियत और खराब हो गई। इस कारण उन्हें अपने खर्च पर सिविल अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करवाना पड़ा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उन्हें पहले से ही हृदय रोग है और उनके हृदय में स्टेंट डाले जा चुके हैं। इसके बावजूद, जब उन्होंने दो बार हृदय संबंधी इलाज के लिए रेफरल मांगा, तब भी डॉक्टर ने रेफरल जारी नहीं किया। जबकि पिछले कई दिनों से उनका हृदय और आँख का इलाज अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा किया जा रहा है।
श्रीमती राजेश्वरी देवी ने इस मामले की शिकायत ईसीएचएस चंडीमंदिर और स्टेशन मुख्यालय कसौली को भी की है, लेकिन अभी तक उनके रेफरल और इलाज के संदर्भ में कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।
अध्यक्ष सचिदानंद शर्मा जी ने बताया कि उन्होंने भी स्टेशन कमांडर कसौली को इस संबंध में पत्र लिखा है और एक मुलाकात का समय भी मांगा है। यदि वहां से संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता, तो वे उच्च अधिकारियों से संपर्क करने का विचार कर रहे हैं।
— धर्मपुर उप-इकाई, भारतीय पूर्व सैनिक लीग (हिमाचल प्रदेश)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें