हरिपुरधार में धनतेरस पर लोगों ने जमकर की खरीदारी

हरिपुरधार (राजेश ठाकुर)

सिरमौर जिले में इस बार धनतेरस पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। हरिपुरधार सहित अन्य बाजारों में भारी भीड़ रही। धनतेरस पर इस मर्तबा करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। आभूषण, बर्तन, कपड़ों आदि की दुकानों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। बर्तन-आभूषणों के अलावा गाड़ी-बाइक के शोरूम, मिठाइयों, ड्राई फ्रूटस, कपड़ों और फर्नीचर की दुकानों में भी काफी खरीदारी हुई है।

जानकारी के अनुसार हरिपुरधार के अलावा पांवटा साहिब, कालाअंब, ददाहू, सराहां, राजगढ़, राजपुर, सतौन, शिलाई, नौहराधार, संगड़ाह आदि बाजार में धनतेरस पर रौनक रही। 

हरिपुरधार  की कई दुकानों में सोने के पुराने आभूषण की जगह नए आभूषण, पुराने गैस चूल्हे के स्थान पर नया चूल्हा देने के अलावा बर्तनों की खरीदारी पर भी छूट दी जा रही है। इसका लोगों ने जमकर लाभ उठाया। इस दौरान दोपहिया वाहन भी खूब बिके।

टिप्पणियाँ