बिलासपुर
सरकारी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (HPTU) द्वारा आयोजित जून 2024 की परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम दर्ज कर कॉलेज और अपने परिवारों का नाम रोशन किया है। उनकी मेहनत, समर्पण और शैक्षिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं में शीर्ष रैंक दिलाई हैं।
विद्युत इंजीनियरिंग के आठवें सेमेस्टर की छात्रा इंदु ठाकुर ने 8.57 के प्रभावशाली CGPA के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया। सिविल इंजीनियरिंग की आठवीं सेमेस्टर की छात्रा प्रतिभा ठाकुर ने 8.63 के CGPA के साथ आठवां स्थान हासिल किया। सिविल इंजीनियरिंग की छठी सेमेस्टर की छात्रा ज्योति ने 8.53 के CGPA के साथ पहले स्थान पर कब्जा किया, जबकि विद्युत इंजीनियरिंग की छात्रा विशालि ने 8.78 के CGPA के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
साथ ही चौथी सेमेस्टर के छात्रों की सफलता भी विशेष रही है, जिसमें विद्युत इंजीनियरिंग के छात्र अभिजीत ने 9.15 के असाधारण CGPA के साथ पहले स्थान पर कब्जा किया और सिविल इंजीनियरिंग के छात्र सूर्यांश ने 8.72 के CGPA के साथ दूसरे स्थान पर स्थान बनाया। कॉलेज के निदेशक डॉ. हिमांशु मोंगा ने छात्रों को उनकी शानदार सफलता पर बधाई दी और उनके प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें