हिंदी पत्रकारिता दिवस पर संगडाह प्रेस क्लब द्वारा संगोष्ठी का आयोजन, पत्रकारिता के महत्व पर हुई चर्चा
संगडाह, 30 मई: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब संगडाह की ओर से एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, महत्व और वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ और सक्रिय पत्रकारों ने अपने विचार साझा किए और हिंदी पत्रकारिता को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत चौहान ने की। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि आज के दौर में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि वे समाज को सच से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने सरकार से हिंदी पत्रकारिता को और अधिक प्रोत्साहित करने की अपील भी की।
प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष योगेंद्र कपिला ने हिंदी भाषा में पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने हमेशा जनता की आवाज़ को मजबूती दी है और जन-जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाई है।
क्लब के सचिव कश्मीर सिंह ठाकुर ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और हिंदी पत्रकारिता के आपसी संबंधों पर प्रकाश डाला और बताया कि डिजिटल युग में भी हिंदी पत्रकारिता अपनी प्रासंगिकता बनाए हुए है।
इस अवसर पर क्लब के संस्थापक और वरिष्ठ पत्रकार भीम सिंह ठाकुर, संयोजक मेला राम शर्मा, संजीव ठाकुर, कपिल ठाकुर, विजय कुमार आज़ाद, कपिल शर्मा विनोद ठाकुर और रामलाल शर्मा ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। सभी वक्ताओं ने यह साझा किया कि पत्रकारिता न केवल एक पेशा है, बल्कि यह समाज के प्रति एक ज़िम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों और गणमान्य व्यक्तियों ने इस बात पर सहमति जताई कि हिंदी पत्रकारिता देश के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक विकास में एक मजबूत स्तंभ रही है और आने वाले समय में इसे और अधिक सशक्त करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें