पूर्व सैनिकों द्वारा कसौली के जंगलों में देवदार वृक्षारोपण अभियान सम्पन्न



कसौली, 14 जुलाई।
 भारतीय पूर्व सैनिक लीग (हिमाचल प्रदेश) धर्मपुर उप इकाई द्वारा कसौली के जंगलों में देवदार वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में धर्मपुर लीग के पूर्व सैनिकों, लीग की महिला सदस्यों, ग्राम पंचायत कसौली के प्रधान, उनके सहयोगियों और स्थानीय ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूर्व सैनिकों ने बताया कि उन्होंने ताउम्र देश की सीमाओं की रक्षा की है और अब पर्यावरण की रक्षा हेतु भी वे प्रतिबद्ध हैं। पौधारोपण केवल एक पौधा लगाने का कार्य नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध वायु, पानी और हरियाली का उपहार देने का कार्य है, जो राष्ट्र सेवा का ही एक रूप है।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे सूबेदार मेजर सचिदानंद शर्मा (सेनि), उपाध्यक्ष, भारतीय पूर्व सैनिक लीग (हिमाचल प्रदेश) ने बताया कि “पूर्व सैनिक लीग का संकल्प है कि जैसे हमने सीमाओं की रक्षा की, वैसे ही अपने गाँव और शहरों को हरित और स्वच्छ बनाएंगे। आज लगाए गए देवदार के ये पौधे हमारी आशा और संकल्प का प्रतीक हैं।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों और ग्रामवासियों ने “जय जवान, जय किसान, जय जय हिन्दुस्तान” के नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और भी दृढ़ता से दोहराया। वातावरण देशभक्ति और हरियाली के संदेश से गूंज उठा।
पूर्व सैनिक लीग ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लें ताकि देश को हरित, स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके।

टिप्पणियाँ