धर्मपुर (सोलन), 26 जुलाई। आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर स्थानीय एक्स-सर्विसमेन लीग एवं नागरिकों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लीग के पदाधिकारियों, सदस्यों, गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सूबेदार मेजर सचिदानंद शर्मा ( सेवानिवृत्त) ने की, जिन्होंने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि हमारे जवानों ने कठिन परिस्थितियों में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा (PVC), राइफलमैन संजय कुमार (PVC), और ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव (PVC) जैसे वीरों की गाथा हमें कर्तव्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने देश की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें