हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का सिरमौर जिले के सराहं का एक दिवसीय दौरा मात्र गा गे गी की घोषणाओं के बाद पूरे सिरमौर को निराश कर गया। यह आरोप लगाते हुए सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने कहा कि बहुत लंबे अंतराल के बाद सिरमौर के प्रवास पर आए मुख्यमंत्री से इस जिले के निवासियों को बहुत सारी अपेक्षाएं और उम्मीदें थी और गत 3 वर्षों के बाद ठप पड़ी सिरमौर की विकास प्रक्रिया को मुख्यमंत्री के दौरे से गति मिलने की उम्मीद थी परंतु इस बार भी मुख्यमंत्री ने सिरमौरवासियों की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह सर्वविदित है कि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही सिरमौर जिले में पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोली गई अनेक विकास परियोजनाएं डीनोटिफाईड करके निरस्त कर दी थी और सिरमौर के विकास को हाशिये पर धकेल दिया था परंतु इस बार उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री फिर से सिरमौर जिले में डीनोटिफाई किए गए संस्थानों को दोबारा खोलेंगे और इस जिले के लोगों को राहत पहुंचाएंगे परंतु सराहं दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ऐसा कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि मात्र गा गे गी की झूठी घोषणाओं से विकास नहीं होता। मेलाराम शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार की झूठी घोषणाएं मुख्यमंत्री सराहं में कर गए हैं ऐसी घोषणाएं कांग्रेस सरकार सत्ता में आने से पहले महिलाओं, नौजवानों, किसानों और बागवानों के लिए अनेक बार कर चुकी परंतु गत 3 वर्षों के दौरान धरातल पर कुछ भी नहीं आया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस के नेता बार-बार आम लोगों के साथ ठगी कर रहे हैं और वास्तविकता यह है कि यह सरकार अब पूरी तरह आर्थिक दिवालिया हो चुकी है और सिरमौर और प्रदेश का विकास इस सरकार के बस की बात नहीं है । मेलाराम शर्मा ने बताया कि आम लोगों का इस सरकार से अब पूरी तरह भरोसा उठ चुका है और लोग उनके झूठे वायदों से तंग आ चुके है। उन्होंने कहा कि सिरमौर सहित हिमाचल की जनता आने वाले पंचायतीराज चुनावों में ही कांग्रेस सरकार को लोगों से की गई ठगी और झूठे वायदों का मुंहतोड़ जवाब देगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें