पंचायत चुनाव से पहले बड़ा अलर्ट, आज नाम जोड़ने और सुधार का लास्ट चांस

 


हिमाचल की पहाड़ियों पर अप्रैल महीने में भी ठंडी हवाएं अभी पूरी तरह थमी नहीं हैं, लेकिन सियासत का तापमान तेजी से चढ़ने लगा है. गांव की चौपालों से लेकर पंचायत घरों तक हलचल बढ़ गई है, कहीं उम्मीदवारों की सरगोशियां हैं, तो कहीं वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की भागदौड़. पंचायत चुनावों से पहले आरक्षण रोस्टर जारी होते ही प्रदेश की राजनीति ने रफ्तार पकड़ ली है. वहीं, अब नजर लोकतंत्र की अगली बुनियाद करने वाली वोटर लिस्ट पर टिकी है. इसी कड़ी में प्रदेश की 480 से अधिक पंचायतों में आज वोटर लिस्ट को लेकर बेहद अहम दिन है. इन पंचायतों में क्लेम और ऑब्जेक्शन दर्ज कराने का आज आखिरी मौका है.

गांव की सरकार चुनने का समय नज़दीक है, और आपके एक वोट की ताकत पूरे पंचायत की दिशा बदल सकती है, लेकिन अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो यह अधिकार अधूरा रह जाएगा. अच्छी खबर ये है कि बिना खर्च के अब इसे ठीक करने का आपके पास मौका है. पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए 480 से अधिक पंचायतों में आज ही मतदाता सूची से जुड़े काम पूरे करने की सुविधा दी है, अगर आपका नाम सूची में नहीं है, तो फॉर्म नंबर 2 भरकर आसानी से जुड़वा सकते हैं. वहीं, अगर किसी नाम को लेकर आपत्ति दर्ज करनी हो, तो फॉर्म नंबर 3 के जरिए दावा किया जा सकता है और यदि आपके नाम उम्र या अन्य जानकारी में कोई गलती है तो फॉर्म नंबर 4 भरकर उसे सुधारा जा सकता है. बाकी बची 16 पंचायतों के लिए यह प्रक्रिया 13 अप्रैल तक जारी रहेगी. इच्छुक लोग संबंधित रिवाइजिंग अथॉरिटी के पास जाकर ये फॉर्म जमा कर सकते हैं. वहीं, इस पूरी प्रक्रिया के लिए आपको कोई शुल्क नहीं देना होगा.

टिप्पणियाँ